अखिलेश यादव का दावा, “योगी सरकार के पास बचे हैं सिर्फ 100 दिन”
औरैया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने औरैया के बिधूना दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की केंद्र और राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है।
उन्होंने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने की घटना पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मस्जिद के पक्षकार उच्च न्यायालय या उच्चतम न्यायालय चले जाते, तो इसमें क्या दिक्कत थी? मात्र 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करके न्याय की प्रक्रिया का गला घोंटा गया है।
सहारनपुर घटना और साम्प्रदायिक सौहार्द पर तंज
बिधूना में मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है और अपनी नाकामी छुपाने के लिए ऐसे कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, “सहारनपुर में मस्जिद गिराने की क्या जल्दी थी? अगर किसी को दूसरे कोर्ट में जाने का मौका नहीं देंगे और 12 घंटे में कार्रवाई कर देंगे, तो न्याय कैसे मिलेगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सौहार्द विरोधी है और राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रही है।
सच्चे सनातन धर्म और परंपराओं का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “एक सच्चा सनातनी, संत या हिंदू कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री विदेशों में ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की बात करते हैं, लेकिन देश-प्रदेश में बीजेपी इसके उलट काम करती है।”
कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और महंगाई पर घेरा
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में 60 प्रतिशत तक कमीशन चल रहा है, एक्सप्रेस-वे टूट रहे हैं और सड़कों पर गड्ढे हैं। सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है।
इसे भी पढ़ें: चुनाव आयोग विवाद: राहुल गांधी और विपक्ष पर भाजपा के मुख्यमंत्रियों का चौतरफा हमला
अखिलेश यादव ने दावा किया कि सरकार जीडीपी के सही आंकड़े नहीं बता रही है। आज देश में भयंकर बेरोजगारी है, पेट्रोल-डीजल महंगा है और पेट्रोल में मिलावट तक करनी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शासन में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध सबसे ज्यादा हो रहे हैं और कई मामलों में पुलिस खुद अपराधों में शामिल है।
“बीजेपी के पास अब 100 दिन भी नहीं बचे”
सरकार के भविष्य पर भविष्यवाणी करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि अब बीजेपी सरकार के पास सौ दिन से भी कम समय बचा है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का गठबंधन अगली सरकार बनाने जा रहा है, यही वजह है कि बीजेपी के लोग अब अपना सामान समेटने और अपनी जेबें भरने में लगे हैं।
एआई (AI) के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी निम्न स्तर पर उतरकर एआई का गलत इस्तेमाल कर रही है, लेकिन सपा भी इसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
