हनीट्रैप मामला: फर्जी फेसबुक आईडी से ब्लैकमेल कर वसूली करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार
अलीगढ़। जिले के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे शातिर हनीट्रैप गिरोह का खुलासा किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए संभ्रांत लोगों को अपने जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो तैयार करता था और फिर उनसे मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक वरिष्ठ अधिवक्ता की तलाश तेज कर दी गई है।
क्या है मामला:
बन्नादेवी थाना क्षेत्र के रहने वाले और भाजपा के महानगर मीडिया प्रभारी व अधिवक्ता निधीश कांत भट्ट ने 5 अगस्त को थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में कहा गया कि दिनांक 30.07.2026 को अभियुक्तों द्वारा महिला की फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से सम्पर्क कर वादी को फ्लैट दिखाने के बहाने बुलाकर तथा आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर धनराशि की मांग की गई। इस संदर्भ में पुलिस ने 564/26 धारा 308 (5) / 308(7) बीएनएस पंजीकृत कर जांच शुरू की।
आरोपियों ने अश्लील वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उनसे 5 लाख रुपए की मांग की थी। डर और दबाव के कारण पीड़ित भाजपा नेता दो लाख रुपए दे भी चुके थे, इसके बावजूद लगातार पैसों के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आदित्य बंसल के निर्देशन और सीओ द्वितीय धनंजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और बैंक ट्रांजैक्शन की बारीकी से जांच की, जिसके बाद इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।
जांच के आधार पर पुलिस ने रविवार को अतरौली क्षेत्र के गांव इज्जतनगर निवासी श्रवण कुमार और उसकी पत्नी काजल देवी (निवासी ओम अपार्टमेंट) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि काजल के पहले पति की मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद उसने श्रवण से विवाह कर लिया था।
इसे भी पढ़ें: बालू और दारू में मदहोश है सरकार: तेजस्वी ने खोली बिहार बदहाली की परतें
पूजा कुमार के नाम से बनाई थी फेक आईडी
गिरफ्तार महिला काजल ने पुलिस को बताया कि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव व वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप कौशिक ने उसे ‘पूजा कुमारी’ के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर दी थी। इसी आईडी के माध्यम से वह लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर अपने जाल में फंसाती थी और फिर ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू होता था। पुलिस अब इस गिरोह में शामिल फरार अधिवक्ता अनूप कौशिक की तलाश में जुट गई है।
गिरफ्तारी के बाद महिला काजल ने भी मुख्यमंत्री को एक प्रार्थना पत्र भेजकर भाजपा नेता पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसने आरोप लगाया था कि नेता ने उसे पार्टी में पद दिलाने का प्रलोभन देकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया था। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में महिला द्वारा लगाए गए ये आरोप निराधार और झूठे पाए गए हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को जेल भेज दिया है, और इस गैंग से जुड़े अन्य संभावित पीड़ितों तथा सहयोगियों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
