मुहर्रम पर अस्त्र-शस्त्र और डीजे पर रोक, ताजियों की ऊंचाई भी तय: सीएम योगी
राजधानी में सीएम योगी ने कहा कि मुहर्रम में हथियारों के प्रदर्शन पर रोक रहेगी। तेज आवाज में डीजे भी नहीं बजाया जाएगा। पुरानी मर्यादाओं का पालन होगा। नई परंपरा स्वीकार्य नहीं होगी। 12 फीट से ऊंचे ताजिया की अनुमति नहीं होगी
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि मुहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं।
इस दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन, नई परंपरा, कानफोडू डीजे या ढोल-ताशों के अनियंत्रित प्रयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने शांति भंग करने के प्रयासों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए और सभी जिलाधिकारियों (DM) व पुलिस अधीक्षकों (SP) को मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर पहले से संवाद स्थापित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप 10 से 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सभी की आस्था का सम्मान किया जाएगा, लेकिन किसी भी नई परंपरा को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आगामी 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष इसे ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के साथ मनाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: सूरत में मजदूरों का बड़ा विद्रोह: पुलिस की सख्ती के बाद त्योहारों से पहले लाखों का पलायन
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रदेश भर में सीधा प्रसारण किया जाए और इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि भी शामिल हों।
प्रदेश की सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों, 762 नगरीय निकायों और नगरीय क्षेत्रों के 14 हजार वार्डों में सामूहिक योगाभ्यास के लिए कार्यक्रम स्थल चिह्नित किए जाएं।
यह आयोजन अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के साथ-साथ सभी पुलिस लाइन और पीएसी बटालियनों में भी होगा।
इसके अलावा, योग दिवस से पहले 20 जून को शिक्षण संस्थानों के सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए सीएम ने कुछ जिलों में असंतोषजनक स्थिति पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि संबंधित जिले तत्काल अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि जिन जिलों में वर्तमान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) तैनात नहीं हैं, वहां मेरिट के आधार पर अगले तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से तैनाती सुनिश्चित की जाए।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
