पीएम मोदी के चंडीगढ़ दौरे से पहले बम की धमकी, ट्राइसिटी में हाई अलर्ट

पीएम मोदी के चंडीगढ़ दौरे से पहले बम की धमकी, ट्राइसिटी में हाई अलर्ट

चंडीगढ़ के पेक परिसर में 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने पंजाब दौरे के लिए रवाना होंगे

 

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे को लेकर ट्राइसिटी पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में सुरक्षा एजेंसियों ने सड़क, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, होटल, गेस्ट हाउस और सीमावर्ती क्षेत्रों में अभेद्य सुरक्षा घेरा बना दिया है।

प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जबकि मोहाली और कालका रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण नयागांव, पीजीआई, सेक्टर-11, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक), खुड्डा अलीशेर और खुड्डा लाहौरा क्षेत्र में स्कूल बस सेवा प्रभावित रहेगी, जिसके चलते कई निजी स्कूलों ने अभिभावकों से बच्चों को स्वयं स्कूल लाने और ले जाने की अपील की है ताकि विद्यार्थियों को परेशानी न हो।

इस बीच, पंजाब यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में बने 117 करोड़ रुपये के नए कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन फिलहाल टल गया है।

पहले प्रधानमंत्री के हाथों इसका उद्घाटन होना संभावित था, लेकिन आवश्यक औपचारिकताएं पूरी न होने से कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने सफाई, लाइटिंग और सुरक्षा सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं।

2,500 लोगों की क्षमता वाला यह भवन उत्तर भारत के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटरों में शामिल है। प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम की कमान एसपीजी ने संभाल ली है और शहर में 1,200 से अधिक पुलिस जवान तैनात हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे।

यह मुख्य कार्यक्रम पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पीजीआई के प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों सहित करीब 200 लोग शामिल होंगे।

सूत्रों के अनुसार, पीजीआई के सभी 52 विभागों से दो-दो प्रतिनिधि और 20 नर्सिंग ऑफिसर इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री पीजीआई से जुड़ी लगभग 1,200 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर, एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर ब्लॉक प्रमुख रूप से शामिल हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों को भारी मानसिक दबाव और सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ा। वीरवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यक्रम स्थल पर बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया।

एसएसपी कंवरदीप कौर के नेतृत्व में ऑपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने देर रात तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

पुलिस ने कॉल लोकेशन के आधार पर सेक्टर-24 निवासी अविनाश को हिरासत में लिया, जिसने नशे की हालत में झूठी सूचना देने की बात कबूल की। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

इसके अलावा, हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय, सचिवालय, स्कूलों और जींद को बम से उड़ाने की धमकी वाली एक ईमेल भी प्राप्त हुई है, जिसके बाद साइबर टीम और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

इस कड़े सुरक्षा बंदोबस्त और वीआईपी मूवमेंट के कारण आम जनता को भारी असुविधा भी उठानी पड़ रही है।

शुक्रवार को पीजीआई परिसर में सुरक्षा बेहद सख्त किए जाने से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। ओपीडी में डॉक्टरों से परामर्श मिलने के बावजूद कई मरीज दवाइयां नहीं खरीद सके।

मरीजों ने बताया कि सेक्टर-11 स्थित दवा बाजार की ओर जाने वाले मुख्य रास्तों पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर दी गई थी, जिससे दूर-दराज से आए कई गंभीर मरीजों को बिना दवा लिए ही निराश होकर वापस लौटना पड़ा।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B