पाकिस्तान में ‘कॉकरोच पार्टी’: भारत की तर्ज पर पड़ोसी देश में भी उभरा युवाओं का नया समूह
कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान: भारत के बाद अब पाकिस्तान में भी ‘कॉकरोच पार्टी’ चर्चा में आ गई है, जो भ्रष्टाचार और आर्थिक संकट के खिलाफ युवाओं को एकजुट कर रही है
नई दिल्ली: भारत में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के लोकप्रिय होने के बाद अब इसका असर पाकिस्तान में भी दिखाई देने लगा है। भारत के युवाओं के आइडिया की तर्ज पर सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान’ नाम से एक नया खाता बनाया गया है, जो वहां भ्रष्टाचार, खराब शासन और गंभीर आर्थिक संकट जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहा है।
इंस्टाग्राम पर इस समूह के खाते के 1.12 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस खाते को इसी साल मई में बनाया गया था, जिसे कनाडा से संचालित किया जा रहा है और हाल ही में इसे वेरिफाइड भी किया गया है। ‘पाकिस्तान इसके लोगों का है, भ्रष्ट माफियाओं का नहीं’ नारे के साथ यह समूह खुद को युवाओं का एक ऐसा अभियान बताता है जो देश में एकता और बदलाव की बात करता है।
इस समूह के एजेंडे में आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता, अच्छी शिक्षा, ऊर्जा संकट का समाधान और पानी की कमी की समस्या को दूर करना शामिल है। हाल ही में जारी किए गए अपने घोषणापत्र में समूह ने कहा है कि यह आम पाकिस्तानियों और खासकर युवाओं की आवाज है, जो भ्रष्टाचार, परिवारवाद की राजनीति और असमान व्यवस्था से पूरी तरह त्रस्त हैं।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका का ईरान पर बड़ा एक्शन: दूसरे दौर के हवाई हमले शुरू, सैन्य ठिकाने और जहाज तबाह
समूह ने पारदर्शिता, जवाबदेही, रोजगार और लोकतांत्रिक सुधारों को अपनी प्राथमिकता बताया है। कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान ने संगठन खड़ा करने के संकेत देते हुए पार्टी के विभिन्न पदों के लिए आवेदन भी मांगे हैं, हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि ऑनलाइन समर्थन को वास्तविक राजनीतिक प्रभाव में बदलना इस समूह के लिए एक बड़ी चुनौती होगी।
पाकिस्तान में इस तरह के समूहों का सामने आना वहां लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक अस्थिरता, आर्थिक बदहाली और शासन की कमियों के प्रति जनता की गहरी नाराजगी को दर्शाता है।
आलोचकों का आरोप है कि देश में बार-बार सैन्य दखल और शहबाज शरीफ सरकार की नीतियों के कारण लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं। इस नए आंदोलन के उभरने के बाद पाकिस्तानी हुक्मरानों में भी हलचल तेज हो गई है।
पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी का एक बयान काफी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया है कि वर्तमान व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और यदि ये ‘कॉकरोच’ (युवा) एकजुट हो गए, तो वे सब कुछ उलट-पुलट कर रख देंगे। उन्होंने देश में बड़े सुधारों और स्थानीय सरकारों को अधिक अधिकार दिए जाने की वकालत भी की है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
