‘बांग्लादेश मॉडल’ पर सत्ता बदलना चाहती है कांग्रेस: राजनाथ सिंह

‘बांग्लादेश मॉडल’ पर सत्ता बदलना चाहती है कांग्रेस: राजनाथ सिंह

नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष और ‘इंडिया’ ब्लॉक पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्षी दल देश के युवाओं को भड़काकर अराजक बनाने का प्रयास कर रहे हैं और गैर-लोकतांत्रिक तरीकों से सत्ता परिवर्तन की बात कर रहे हैं।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजनीतिक हितों के लिए संवैधानिक संस्थाओं की बलि नहीं दी जा सकती।

उन्होंने आरोप लगाया कि झूठा आक्रोश दिखाकर और संस्थाओं को बदनाम करके देश की विकास यात्रा को प्रभावित करने तथा युवाओं को अराजकता की राजनीति में मोहरे की तरह इस्तेमाल करने की कोशिशें की जा रही हैं।

विपक्ष पर राजनाथ सिंह का बड़ा आरोप

राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ लोग बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन और सरकार गिराने की मांग कर रहे हैं, जिससे साफ है कि उनका एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट कर देश में अराजकता फैलाना है।

1975 में इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लगाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी संविधान की आड़ में अराजकता फैला रहे हैं, जबकि कांग्रेस का अपना इतिहास चुनाव आयोग को कठपुतली की तरह इस्तेमाल करने का रहा है।

इसके उदाहरण के रूप में उन्होंने 1993 में रातों-रात दो चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालस्वामी द्वारा नवीन चावला पर कांग्रेस नेताओं के साथ संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोपों का हवाला दिया।

अंत में उन्होंने राहुल गांधी को बाधा डालने वाली राजनीति छोड़कर आत्म-चिंतन करने की सलाह दी और सवाल किया कि उत्तर प्रदेश में 37 सालों से सत्ता से बाहर कांग्रेस क्या समाजवादी पार्टी के बिना रायबरेली में अपनी सीट जीतने की क्षमता रखती है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के मतदाता सूची वाले दावों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि 70 साल की महिला को ‘डबल वोटर’ और 35 साल की महिला को 124 साल का बताने जैसे आरोप लगाए गए। कोई सबूत न होने के कारण कांग्रेस ने चुनाव आयोग में कभी शिकायत नहीं की।

राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कभी संवैधानिक संस्थाओं या चुनाव प्रणाली पर सवाल नहीं उठाए, बल्कि हमेशा संविधान का पूरा सम्मान किया है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।