गुजरात दंगे: सोनिया गांधी के बयान को जांच अधिकारी ने नकारा, बोले- ‘आग लगने की वजह पर कोई संदेह नहीं’
नई दिल्ली: सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ लव’ के रिलीज होने के बाद से ही इस पर चर्चा जारी है। अब गुजरात दंगों से जुड़ी उनकी एक बात को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। अपनी किताब में उन्होंने लिखा है कि साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बों में आग लगने का कारण आज भी विवादों के घेरे में है, जिसके बाद राज्य में दंगे भड़के थे।
दूसरी तरफ, इस मामले की जांच करने वाली एसआईटी के पूर्व प्रमुख और पुलिस अधिकारी राकेश अस्थाना ने सोनिया गांधी के इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है। राकेश अस्थाना ने सोनिया गांधी की किताब में गोधरा ट्रेन अग्निकांड को लेकर किए गए दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले की जांच पूरी हो चुकी है और दोषियों को सजा भी मिल चुकी है।
फोरेंसिक सबूतों और गवाहों के आधार पर हुई सजा
अस्थाना के अनुसार, यह आग ज्वलनशील तरल पदार्थ का इस्तेमाल कर जानबूझकर लगाई गई थी और इसमें केवल S6 बोगी को ही निशाना बनाया गया था। उन्होंने इस बात से असहमति जताई कि आग लगने का कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है, और कहा कि पूरा मामला जली हुई बोगी व आसपास के इलाकों से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्यों और गवाहों के बयानों पर आधारित है, जिसने दोषियों को सजा दिलाने में सबसे अहम भूमिका निभाई है।
दूसरी ओर, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि गुजरात में दंगे तब भड़के जब अयोध्या से अहमदाबाद लौट रही साबरमती एक्सप्रेस की चार बोगियों में आग लगने से नौ हिंदू कारसेवक श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, और इस आग के लगने की वजह अभी भी विवादित है, लेकिन इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में दंगे भड़क गए।
इसे भी पढ़ें: झारखंड राज्य सभा चुनाव: एक सीट JMM और एक सीट पर BJP जीती, कांग्रेस उम्मीदवार हारे
जांच के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के किसी राजनीतिक दबाव के सवाल पर राकेश अस्थाना ने साफ कहा कि उन पर कोई दबाव नहीं था। उन्होंने बताया कि जिस इलाके में ट्रेन की बोगी में आग लगी थी, वह मुस्लिम बहुल क्षेत्र है और इस जांच में कई मुस्लिम अधिकारी भी शामिल थे।
अस्थाना के मुताबिक, उन्होंने जांच के लिए जिन भी अधिकारियों की मांग की, वे सभी बिना किसी रोक-टोक के उन्हें सौंप दिए गए और इस पूरी जांच में मुस्लिम अधिकारियों का योगदान बेहद अहम रहा।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
