ईरान के विदेश मंत्री अराघची की दो टूंक, ‘किसी भी दबाव के आगे कभी नहीं झुकेगा ईरान’

ईरान के विदेश मंत्री अराघची की दो टूंक, ‘किसी भी दबाव के आगे कभी नहीं झुकेगा ईरान’

नई दिल्ली। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ब्रिक्स (BRICS) विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान अमेरिका और इजरायल को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि ईरान किसी भी प्रकार के बाहरी दबाव या धमकियों के आगे कभी नहीं झुकेगा।

अराघची ने दो टूक शब्दों में कहा, “हम कभी नहीं झुके, और कभी नहीं झुकेंगे”। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान अजेय है और जब भी उस पर दबाव बनाया जाता है, वह पहले से कहीं अधिक मजबूत और एकजुट होकर उभरता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान से जुड़े किसी भी मुद्दे का कोई सैन्य समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान शांतिप्रिय राष्ट्र है और युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अपनी स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पूरी ताकत से लड़ने को तैयार है।

विदेश मंत्री ने पिछले एक साल के भीतर ईरान पर हुए दो हमलों को “क्रूर और अवैध आक्रामकता” करार दिया। उन्होंने अमेरिका और इजरायल पर इन हमलों को सही ठहराने के लिए झूठे दावे करने का आरोप भी लगाया।

अराघची दिल्ली पहुँचने के लिए ‘मिनाब 168’ लिखे हुए विमान से आए थे। यह उन 168 स्कूली बच्चों की याद में एक प्रतीकात्मक संदेश है, जो कथित तौर पर 28 फरवरी को मिनाब शहर में हुए एक अमेरिकी हमले में मारे गए थे।

उन्होंने ब्रिक्स देशों से उन राष्ट्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जो अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करते हैं। उन्होंने कहा कि ईरान न केवल अपने लिए, बल्कि पूरे ‘ग्लोबल साउथ’ की तरफ से पश्चिमी दबाव के खिलाफ खड़ा है। अराघची ने यह भी कहा कि “ईरानी लोग दबाव के आगे नहीं झुकते, लेकिन वे सम्मान का जवाब सम्मान से देना जानते हैं”।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।