PM मोदी के संदेश पर JDU का समर्थन, कहा- सख्त कानून से मिलेगी पारदर्शिता

PM मोदी के संदेश पर JDU का समर्थन, कहा- सख्त कानून से मिलेगी पारदर्शिता

पीएम मोदी के वीडियो संदेश का स्वागत करते हुए जेडीयू नेता संजय कुमार झा ने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़े कानून से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी

पटना: नीट पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुरुवार रात जारी किए गए वीडियो संदेश पर विपक्षी हमलों के बीच सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने सरकार के रुख का जोरदार समर्थन किया है।

जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने प्रधानमंत्री द्वारा पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन और सख्त सजा के प्रावधान वाला नया बिल लाने की घोषणा का स्वागत किया है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर लिखा कि यह निर्णय परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, विश्वसनीयता और जवाबदेही को मजबूत करेगा तथा लाखों प्रतिभावान विद्यार्थियों के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

वहीं जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पीएम मोदी के संकल्प पर भरोसा जताते हुए कहा कि दोषियों को न बख्शने का आश्वासन छात्रों और अभिभावकों के लिए सुकून देने वाली खबर है।

उन्होंने सरकार की पारदर्शिता का बचाव करते हुए कहा कि गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही परीक्षा रद्द कर री-एग्जाम कराया गया और उसके नतीजे भी जारी कर दिए गए।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की विपक्षी मांग पर पलटवार करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि विपक्ष संसद चलने नहीं दे रहा है, जबकि सदन के भीतर चर्चा और सभी दलों के विचार रखे जाने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B