लोहागढ़ किला मर्डर केस: मंगेतर सिया और उसके प्रेमी की खूनी साजिश का पर्दाफाश

लोहागढ़ किला मर्डर केस: मंगेतर सिया और उसके प्रेमी की खूनी साजिश का पर्दाफाश

कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी 7  दिन की पुलिस कस्टडी में हैं, जिनके पूरे खूनी प्लान का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है

 

लोहागढ़: पुणे के पास स्थित ऐतिहासिक लोहागढ़ किले पर घूमने गए कारोबारी केतन अग्रवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब पूरी तरह से सुलझ चुका है।

पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी चेतन चौधरी और उसकी प्रेमिका सिया गोयल को गिरफ्तार कर लिया है, जो फिलहाल 7 दिन की पुलिस कस्टडी में है। शुरुआती जांच में जिसे महज एक हादसा समझा जा रहा था, वह दरअसल बेहद सोची-समझी और बर्बर साजिश का हिस्सा निकला।

सिया गोयल अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी, जिसके चलते उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का खूनी प्लान तैयार किया था। इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े ऐसे चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिन्होंने पुलिस को भी हैरान कर दिया है।

जांच में सामने आया है कि पिछले साल दिवाली की एक पार्टी में मिलने के बाद सिया और चेतन के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं, और पिछले 6 महीनों के भीतर दोनों के बीच 2004 फोन कॉल्स के जरिए करीब 238 घंटे लंबी बातचीत हुई थी।

हत्या वाले दिन दोनों पहले एक कैफे में मिले और किले में ऐसी सुनसान जगह ढूंढी जहां से केतन को आसानी से धक्का दिया जा सके।

पुलिस का शक तब गहराया जब सीसीटीवी फुटेज में तेज धूप के बावजूद एक संदिग्ध शख्स हुडी, इयरमफ और मास्क पहनकर किले की तरफ जाता दिखा, जो बाद में सिया से ‘साइन लैंग्वेज’ (इशारों) में बात करता पाया गया। यह शख्स कोई और नहीं बल्कि चेतन चौधरी ही था।

इस खूनी अंजाम तक पहुंचने से पहले सिया ने केतन को मारने की कई और कोशिशें भी की थीं। बीती 14 जून को भी सिया ने केतन को किले से धक्का देने की नाकाम कोशिश की थी, लेकिन पकड़े जाने के डर से उसने वहां सांप देखने का झूठा नाटक रच दिया।

इतना ही नहीं, 4 जून को जब दोनों का बाली (इंडोनेशिया) में प्री-वेडिंग फोटो शूट होना था, तो सिया ने वहां जाने से बचने के लिए मुंबई जाते समय रास्ते में एक फूड मॉल के बाथरूम में केतन का पासपोर्ट चुराकर फाड़ दिया और उसे फ्लश कर दिया। इसके बाद ही उसने केतन को बाली के बजाय लोहागढ़ किले चलने के लिए मजबूर किया था।

यह पूरी साजिश इस कदर रची गई थी कि केतन के पिता ने 20 जून को सिया के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर के एक फाइव-स्टार होटल में 70 कमरे तक बुक कर दिए थे, लेकिन उससे पहले ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं