यासीन मलिक ने अपने लिए मांगी फांसी, इस्तखारा की नमाज़ के बाद लिया फैसला, पत्नी को करेंगे आज़ाद

यासीन मलिक ने अपने लिए मांगी फांसी, इस्तखारा की नमाज़ के बाद लिया फैसला, पत्नी को करेंगे आज़ाद

नई दिल्ली। 2019 से तिहाड़ जेल में बंद प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन जेकेएलएफ (JKLF) नेता यासीन मलिक ने अपने वकील अबू आदिल पंडित के जरिए श्रीनगर की अतिरिक्त जिला कोर्ट में 25 पन्नों का लिखित बयान दाखिल किया है।

यासीन मलिक ने अपने लिखित बयान में कहा कि इस्तखारा की (अल्लाह से किसी भी महत्वपूर्ण कार्य में मार्गदर्शन मांगने के लिए पढ़ी जाने वाली विशेष दुआ) नमाज़ अदा करने के बाद उन्होंने अपने केस में आगे पैरवी न करने का फैसला किया है। इतना ही नहीं यासीन मलिक ने फांसी से पहले अपनी पाकिस्तानी पत्नी मुशाल को तलाक देकर आज़ाद करने का फैसला किया है।

अपने बयान में यासीन मलिक ने भावुक पलो का ज़िक्र करते हुए लिखा कि जेल में रहते हुए पिछले 8 साल के दौरान उन्हें कभी अपनी पत्नी या परिवार के किसी सदस्य से वीडियो कॉल पर बातचीत की अनुमति नहीं दी गई। पत्नी मुशाल को संबोधित करते हुए यासीन मलिक ने लिखा कि उन्हें बेहद अफ़सोस और पीड़ा के साथ ये फैसला करना पड़ रहा है। मैं नहीं चाहता कि मुशाल अपना पूरा जीवन इस स्थिति के बोझ तले या विधवा की तरह जिए। मैं चाहता हूं कि वह गरिमा और उम्मीद के साथ अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करे।

अपने लिखित बयान में यासीन मलिक ने कहा कि उन्हें राजनीतिक कारणों से झूठे केसो में फंसाया गया है और वे अपने केसो में बचाव नहीं करेंगे। इसलिए अब ,मेरे लिए मृत्य दंड पर विचार किया जा सकता है। इस मामले में कोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई 19 सितंबर तय की है।

गौरतलब है कि मई 2022 में स्पेशल NIA कोर्ट ने यासीन मलिक को आतंकवाद- वित्तपोषण के एक मामले में दोषी ठहराया था, तब भी उन्होंने मुकदमे का बचाव करने से इनकार किया था और बाद में उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वहीं अब NIA उनके आजीवन कारावास को मृत्युदंड में बदलने की मांग कर रही है।

बता दें कि यासीन मलिक ने 2009 में मुशाल से शादी की थी और उनकी 13 साल की एक बेटी भी है जिसका नाम रजिया सुल्ताना है। पाकिस्तान की रहने वाली मुशाल 2023 से 2025 तक पाकिस्तान की कार्यवाहक सरकार में मानवाधिकार और महिला सशक्तिकरण पर विशेष सलाहकार के रूप में कार्यरत थीं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।