सीबीआई करेगी ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच, मध्य प्रदेश सरकार ने की सिफारिश

सीबीआई करेगी ट्विशा  शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच, मध्य प्रदेश सरकार ने की सिफारिश

नई दिल्ली: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए जांच को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गृह विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसमें मामले की जांच सीबीआई को हस्तांतरित करने की आधिकारिक सिफारिश की गई है। सरकार के इस फैसले के बाद सीबीआई अब इस मामले से जुड़े अपराध, साक्ष्यों, दुष्प्रेरण और अन्य सभी पहलुओं की नए सिरे से तफ्तीश करेगी।

यह निर्णय ट्विशा शर्मा के परिजनों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग किए जाने के बाद लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार को सीबीआई जांच का भरोसा दिलाया था, जिसके बाद गृह विभाग ने यह कदम उठाया।

इस निर्णय से पीड़ित परिवार को अब न्याय और निष्पक्ष जांच की उम्मीद बढ़ गई है, जो लगातार मामले की जांच मध्य प्रदेश से बाहर की किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग कर रहे थे।

इसके साथ ही परिजनों ने पूर्व में त्विषा का पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराने की मांग भी उठाई थी।

यह पूरा मामला 12 मई 2026 का है, जब भोपाल के कटारा हिल्स स्थित बाग मुगलिया एक्सटेंशन में पूर्व जज गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा मृत अवस्था में मिली थीं।

शुरुआत में इस घटना को फांसी लगाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन ट्विशा के मायके वालों ने इसे दहेज हत्या का मामला बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। वर्तमान में पूर्व जज गिरिबाला सिंह जमानत पर हैं, जबकि उनका बेटा समर्थ सिंह फरार चल रहा है।

अब राज्य सरकार द्वारा सीबीआई जांच की सिफारिश किए जाने के बाद इस पूरे घटनाक्रम में कई नए और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।