आयुष्मान योजना के नियमों में बड़ा बदलाव: अब निजी अस्पतालों में नहीं मिलेगा 112 बीमारियों का मुफ्त इलाज
नई दिल्ली: केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना (AB-PMJAY) के नियमों में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है, जिसका सीधा असर उन मरीजों पर पड़ेगा जो निजी अस्पतालों में अपना मुफ्त इलाज कराते थे।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) की नई व्यवस्था के तहत अब 112 बीमारियों और सर्जरी के पैकेज पूरी तरह से सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित कर दिए जाएंगे और इन्हें निजी अस्पतालों की सूची से हटा दिया जाएगा।
सरकारी अस्पतालों के लिए 89 नए पैकेज जुड़े
आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित पैकेजों के दायरे को काफी बढ़ा दिया गया है, जिसके तहत पहले से आरक्षित 23 बीमारियों के मुकाबले अब 89 नए पैकेजों को और जोड़कर कुल 112 बीमारियों के इलाज का जिम्मा सिर्फ सरकारी अस्पतालों के पास कर दिया गया है।
नई सूची में स्त्री रोग, जनरल सर्जरी, मानसिक रोग, जनरल मेडिसिन, हड्डी रोग, ईएनटी और नेत्र रोग विभागों से जुड़ी कई प्रमुख बीमारियों के डे-केयर इलाज से लेकर बड़े ऑपरेशन तक शामिल किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें: प्रियंका टिबरीवाल का आरोप: TMC एजेंटों को दी जा रही हैं वोटर स्लिप
इस विस्तारित सूची में मोतियाबिंद और ग्लूकोमा जैसे नेत्र रोग, हाई रिस्क डिलीवरी, बच्चेदानी का ऑपरेशन व एमटीपी जैसे महिला रोग, एल्कोहल लिवर डिजीज, हेपेटाइटिस, पेनक्रियाटाइटिस और डायरिया जैसे पेट व लिवर के रोग, फिस्टुला, सिस्ट, बायोप्सी और सीवियर एनीमिया जैसी सर्जरी व अन्य समस्याएं, मलेरिया, चिकनगुनिया व एक्यूट ब्रोंकाइटिस जैसी मौसमी व सांस की बीमारियां, तथा तनाव प्रबंधन, एंजाइटी, मूड डिसऑर्डर और एडीएचडी जैसे मानसिक स्वास्थ्य विकार प्रमुख रूप से शामिल हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर इस नए नियम को 1 दिसंबर 2026 से पूरे देश में लागू करने का सुझाव दिया है, जिसके बाद राज्य स्तर पर सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों और संसाधनों की जांच की जा रही है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
