मिशन यूपी 2027: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में बढ़े 18.84 लाख नाम, चार जनवरी को जारी होगी फाइनल लिस्ट

मिशन यूपी 2027: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में बढ़े 18.84 लाख नाम, चार जनवरी को जारी होगी फाइनल लिस्ट

उत्तराखंड: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है, जिसमें कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लोक भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अप्रैल में हुई अंतिम सूची के मुकाबले इस बार 18 लाख 84 हजार 113 नए मतदाता बढ़े हैं।

इस नई सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर के वोटर दर्ज हैं, जबकि 18 से 19 साल के 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाता भी जोड़े गए हैं।

महिला वोटरों की संख्या में बड़ा इजाफा, लिंगानुपात भी सुधरा

10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले नई आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की संख्या में 10,96,828 और पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7,87,449 की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 164 कम हुई है, जिससे प्रति हजार पुरुषों पर महिलाओं का अनुपात 834 से बढ़कर 840 और मतदाता-जनसंख्या अनुपात 55.17 से बढ़कर 55.95 प्रतिशत हो गया है।

हालांकि, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या अप्रैल के 17,63,360 से घटकर 11,83,352 (5,80,008 की कमी) रह गई है, जिसके चलते निर्वाचन विभाग ने युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए शिक्षण संस्थानों में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है। ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक कर चार जनवरी 2027 को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

इस दौरान नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 ऑनलाइन या ऑफलाइन (बीएलओ, तहसील व जिला निर्वाचन कार्यालय से) भरे जा सकते हैं, जिसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी बूथों पर विशेष अभियान दिवस भी आयोजित किए जाएंगे, जबकि नागरिक अपने नाम की जांच बीएलओ, ईसीआईनेट ऐप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं।

पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष अभियान चलाएगा। जबकि छूटे हुए युवाओं और महिलाओं तक पहुंचने के लिए आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं और राशन की दुकानों की मदद ली जाएगी। विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम व जानकारी जरूर जांच लें और समय रहते आवेदन करके अंतिम सूची में अपना नाम पक्का करा लें।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं