तड़के मचा हड़कंप: खैर रोड पर कबाड़ के गोदाम में लगी विकराल आग, चपेट में आई डेयरी

तड़के मचा हड़कंप: खैर रोड पर कबाड़ के गोदाम में लगी विकराल आग, चपेट में आई डेयरी

अलीगढ़ के देहलीगेट इलाके में तड़के एक कबाड़ गोदाम और पास की डेयरी में भीषण आग लग गई, जिसे फायर ब्रिगेड ने बिना किसी जनहानि के सूझबूझ से बुझा दिया

 

अलीगढ़: महानगर के थाना देहलीगेट इलाके में बृहस्पतिवार की तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब खैर रोड स्थित लाल मस्जिद के पास एक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई।

देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि उन्होंने बराबर में स्थित एक डेयरी को भी अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को तड़के 2:51 बजे मिली, जिसके तुरंत बाद फायर सर्विस यूनिट के अधिकारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। फायर स्टेशन से लगभग 6 किलोमीटर दूर स्थित मौके पर दमकल कर्मी सुबह 03:13 बजे पहुंचे।

जब फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुँची, तो कबाड़ का गोदाम धू-धू कर जल रहा था और आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।

दमकल कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पंपिंग शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद कबाड़ व डेयरी दोनों जगहों पर लगी आग को पूरी तरह से बुझाया।

पूछताछ में सामने आया कि जिस कबाड़ के गोदाम में आग लगी थी, उसके मालिक राकेश पुत्र पूरन लाल हैं, जबकि प्रभावित हुई डेयरी के मालिक लव कुमार पुत्र कमल कुमार हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि घनी आबादी वाले इलाके में आग लगने के कारण आस-पास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया था लेकिन फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आगे फैलने से रोक दिया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों और इससे हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।