पीएम मोदी के मेलोडी गिफ्ट पर बवाल, प्रियंका चतुर्वेदी ने बोला हमला, ‘मेलोडी खाओ और खुश हो जाओ’

पीएम मोदी के मेलोडी गिफ्ट पर बवाल, प्रियंका चतुर्वेदी ने बोला हमला, ‘मेलोडी खाओ और खुश हो जाओ’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे और वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी  को ‘मेलोडी’ (Melody) चॉकलेट गिफ्ट करने का मामला अब देश की राजनीति में गरमा गया है।

सोशल मीडिया पर जहां ‘मेलोडी’ ट्रेंड कर रहा है, वहीं विपक्ष ने इसे आड़े हाथों लिया है। शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इस बहाने डॉलर के मुकाबले रुपये की रिकॉर्ड गिरती कीमत और देश में रोजगार के संकट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा तंज कसा है।

प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक के बाद एक पोस्ट कर सरकार की आर्थिक नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए।

‘मेलोडी खाओ और खुश हो जाओ’ – प्रियंका चतुर्वेदी

प्रियंका चतुर्वेदी ने पीएम मोदी के इस गिफ्ट और बीजेपी के पुराने बयानों को जोड़ते हुए लिखा, “मेलोडी खाओ और ख़ुश हो जाओ” ध्यान रखो, रुपया कमजोर नहीं हो रहा बल्कि डॉलर मजबूत हो रहा है।”

उनका यह बयान सीधे तौर पर सरकार के उस पुराने तर्क पर कटाक्ष था, जिसमें रुपये की गिरती कीमत के पीछे वैश्विक कारणों और डॉलर की मजबूती को वजह बताया जाता रहा है।

प्रियंका चतुर्वेदी यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने हाल ही में आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) के प्लेसमेंट और गिरते एवरेज सैलरी पैकेज की खबरों का हवाला देते हुए देश में नौकरियों के हालात पर भी एक व्यंग्यात्मक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा:

देश के युवा: “सर, हमें सैलरी वाली नौकरी चाहिए।”

युवाओं से सर बोले: “वो तो मुश्किल है, पर तुम मेलोडी खाओ और खुश हो जाओ।”

प्रियंका चतुर्वेदी के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। इस बीच एक यूजर ने तंज कसते हुए कमेंट किया, “मोदी जी फिर भी राज्यसभा नहीं भेजेंगे।”

इस कमेंट पर प्रियंका चतुर्वेदी बुरी तरह भड़क गईं और उन्होंने ट्रोलर को करारा जवाब दिया। जब उनके एक समर्थक ने कहा कि आप इन कॉकरोचों पर अपनी ऊर्जा क्यों व्यर्थ करती हैं, ‘इग्नोरम ही परमम सुखम’ (इग्नोर करना ही सबसे बड़ा सुख है)। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका ने लिखा:

“यह लोग इतनी ऊर्जा मेरे बारे में बकवास फैलाने में लगाते हैं, और फिर कुछ अखबार इसको सही समझकर कुछ भी मेरे नाम से जोड़कर छाप देते हैं। इसलिए इन सभी को इग्नोर नहीं, जवाब मिलेगा। झूठ की दुकान बंद करनी होगी।”

क्या है पूरा ‘मेलोडी’ विवाद?

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने रोम दौरे के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मिले थे। इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने उन्हें भारतीय ब्रैंड की ‘मेलोडी’ चॉकलेट गिफ्ट की। दोनों नेताओं के नाम (Modi + Meloni = Melodi) से मिलते-जुलते इस गिफ्ट का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गईं। लेकिन अब घरेलू राजनीति में विपक्ष ने इसे देश के आर्थिक मुद्दों, महंगाई और गिरते रुपये से जोड़कर सरकार को घेरने का नया हथियार बना लिया है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।