उत्तर प्रदेश में फिर लौटेंगे तपिश भरे दिन, अगले 5 दिनों में तेजी से बढ़ेगा तापमान
पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद प्रदेश में मौसम आज से करवट लेगा। कुछ जिलों को छोड़कर बाकी जगहों पर तापमान तेजी से बढ़ेगा।
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद रविवार को ज्यादातर जिलों में तेज धूप खिली और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़त आने की संभावना है, जिससे तपिश भरे दिनों की फिर से वापसी होगी।
रविवार को 42.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा प्रदेश में सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि उरई और प्रयागराज में 41.4 डिग्री और झांसी में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि विक्षोभ के गुजर जाने के बावजूद हवा में मौजूद नमी के कारण सोमवार को बिहार से सटे तराई और कुछ दक्षिणी जिलों में गरज-चमक के आसार हैं।
इसे भी पढ़ें: चुनाव आयुक्तों के बीच की चर्चा पर आयोग बोला- सभी फैसले मिलकर तय किए गए
इस दौरान सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और आसपास के क्षेत्रों समेत प्रदेश के 13 जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
दूसरी ओर, राजधानी लखनऊ में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद रविवार को तीखी धूप खिली, जिससे तपिश बढ़ गई है। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 3.3 डिग्री की बढ़त के साथ 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री के उछाल के साथ 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अब आगे एक हफ्ते तक राजधानी में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है और आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़त देखी जा सकती है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
