जैशे-ए-मोहम्मद के खतरे के बाद बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ी, बुलेटप्रूफ गाड़ी अनिवार्य
पाकिस्तान समर्थित जैश ए मोहम्मद से आतंकी खतरे और संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ाते हुए उनके लिए बुलेटप्रूफ गाडी का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया है
नई दिल्ली: पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित खतरे के इनपुट मिलने के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। खुफिया एजेंसियों के इनपुट और एसटीएफ की जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनके लिए बुलेटप्रूफ वाहन के इस्तेमाल को अनिवार्य कर दिया है।
इस मामले में एसटीएफ ने पूर्व बर्धमान जिले से हमीम मंडल को गिरफ्तार किया है और उसकी कथित सहयोगी अर्पिता सरकार को हिरासत में लिया है।
शुरुआती जांच में इनके तार पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद और शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास से मुख्यमंत्री के दैनिक कार्यक्रम और यात्रा मार्ग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी भी बरामद हुई है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: राजेंद्र गौतम को प्रदेश प्रभारी बनाये जाने से सामाजिक न्याय की राजनीति को मिलेगी नई दिशा: सागर
शुभेंदु अधिकारी आमतौर पर लोगों से सीधे संपर्क के लिए सामान्य वाहन से यात्रा करना पसंद करते थे, लेकिन ताजा सुरक्षा खतरों को देखते हुए एजेंसियों की सलाह पर उन्होंने रविवार शाम कांथी से कोलकाता लौटते समय बुलेटप्रूफ वाहन का इस्तेमाल किया। सुरक्षा एजेंसियों ने उनके कार्यक्रमों, यात्रा मार्ग और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर पहले भी चिंता जताई जा चुकी है। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद, 6 मई को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
फिलहाल एसटीएफ और अन्य सुरक्षा इकाइयां इस बात की जांच कर रही हैं कि इस नए खतरे के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और यह व्यापक साजिश किस स्तर पर रची गई थी।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
