अब चुपचाप इज़राइल-ईरान युद्ध का तमाशा देख रहे ट्रंप

अब चुपचाप इज़राइल-ईरान युद्ध का तमाशा देख रहे ट्रंप

इस बीच पिछले कुछ समय से अमेरिकी राष्ट्रपति खामोश हैं। ट्रंप की तरफ से न पिछले 48 घंटो में कोई बयान जारी किया गया है और न ही ईरान से समझौते पर कोई अपडेट आया है

नई दिल्ली(इंटरनेशनल डेस्क)। पश्चिम एशिया में एक बार फिर शान्ति को खतरा पैदा हो गया है। मिडिल ईस्ट एक बार फिर बड़ी जंग की तरफ बढ़ रहा है।

ईरान और इजरायल एक दूसरे पर बमबारी और मिसाइल-ड्रोन अटैक कर रहे हैं। वहीं अब अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान और इज़राइल के बीच भड़के युद्ध का खमोशी से तमाशा देख रहे हैं।

ईरान और इज़राइल के बीच शुरू हुए संघर्ष की वजह लेबनान को बताया जा रहा है। पिछले दो दिनों में इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरुत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले किए।

इसके बाद बीती रात ईरान और हिजबुल्लाह ने मिलकर इजरायल पर जवाबी हमला किया। बात यही खत्म नहीं हुई अपने ऊपर हुए हमले के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में बमबारी की है।

ईरान सरकार ने तेहरान स्थित मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पश्चिमी ईरान स्थित करमानशाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अगले आदेश तक सभी उड़ाने रद्द कर दी हैं।

अभी हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ने लेबनान पर हमले के लिए इजराइल के पीएम नेतन्याहू को जमकर लताड़ा था और लेबनान पर नया हमला न करने की नसीहत की थी। इसके बावजूद इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानो और ईरान पर भी हमले की कार्रवाई की है। IRGC-IDF ने हमलों की पुष्टि की है।

AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने एक बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए अमेरिका और ईरान लगातार एक-दूसरे के संपर्क में बने रहेंगे। युद्ध समाप्त करने के लिए पाकिस्तान के मध्यस्थता करके समझौता कराने के प्रयास जारी हैं।

इस बीच पिछले कुछ समय से अमेरिकी राष्ट्रपति खामोश हैं। ट्रंप की तरफ से न पिछले 48 घंटो में कोई बयान जारी किया गया है और न ही ईरान से समझौते पर कोई अपडेट दिया है।

ईरान में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी:

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत ने ईरान को लेकर जारी की गई एडवाइजरी को फिर दोहराया है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से ईरान की यात्रा करने से फिलहाल बचने को कहा है। जो भारतीय नागरिक इस समय ईरान में हैं, उन्हें तुरंत वहां से निकलने को कहा गया है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।