AMU छात्र संघ चुनाव नतीजे: नोमान अशरफ की शानदार जीत, नशरा बनीं उपाध्यक्ष
उत्तर प्रदेश: अलीगढ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में पूरे आठ साल के लंबे इंतजार के बाद हुए छात्र संघ चुनाव के नतीजे शुक्रवार सुबह घोषित कर दिए गए है। इस ऐतिहासिक चुनाव में इतिहास विभाग के रिसर्च स्कॉलर नोमान अशरफ नए अध्यक्ष चुने गए हैं, जबकि बीटेक के छात्र मोहम्मद हमदान को मानद सचिव का पद मिला है। वहीं, लॉ की छात्रा नशरा नईम ने उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज कर एक नया इतिहास रच दिया है।
एएमयू छात्रसंघ चुनाव में पांच नवंबर को हुए मतदान और एबीके स्कूल में रात भर चली मतगणना के बाद शुक्रवार सुबह नतीजे घोषित कर दिए गए, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव के तीन प्रमुख पदों में से किसी एक पर चुनी जाने वाली नशरा नईम पहली महिला बनकर उभरी हैं।
नोमान अशरफ बने एएमयू के नए अध्यक्ष
अध्यक्ष पद पर नोमान अशरफ ने 7,797 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतिखाब को 4,121 वोटों से हराकर जीत दर्ज की, जिसके बाद समर्थकों ने जमकर नारेबाजी और आतिशबाजी की। उपाध्यक्ष पद पर सात प्रत्याशियों के बीच चले कड़े मुकाबले में नशरा नईम ने साकिब अली खान को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की और इसे पूरी छात्र बिरादरी की जीत बताते हुए नई शुरुआत की उम्मीद जताई।
इसे भी पढ़ें: महाभियोग की जंग के बीच राहुल गांधी की नई पोस्ट: चुनौतियों को दी खुली चुनौती
अपनी जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नोमान अशरफ ने आठ साल के लंबे संघर्ष के बाद मिले इस अवसर पर खुशी जताते हुए सभी छात्रों का आभार व्यक्त किया और चुनावी वादों पर खरा उतरने की बात कही। वहीं नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष नशरा नईम ने सीमित संसाधनों और छोटी टीम के समर्पण को अपनी सफलता की वजह बताते हुए छात्र हितों और नेतृत्व को नए सिरे से परिभाषित करने पर जोर दिया।
एएमयू छात्र संघ के नवनिर्वाचित सचिव मोहम्मद हमदान ने अपनी इस बड़ी जीत को एक बड़ी जिम्मेदारी बताया है। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे इस पद की गरिमा को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। हमदान ने स्पष्ट किया कि उन्होंने चुनाव के दौरान छात्रों से जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा करने के लिए वे पूरी लगन और ईमानदारी के साथ हर मुमकिन कोशिश करेंगे।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
