लोकतंत्र हाईजैक करने की कोशिश की जा रही है: कांग्रेस

लोकतंत्र हाईजैक करने की कोशिश की जा रही है: कांग्रेस

नई दिल्ली: कांग्रेस ने एक बार फिर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा ने कहा कि हमारा देश एक भयानक दौर से गुजर रहा है, जहां लोकतंत्र को हाइजैक करने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी जी ने एक विशेष प्रेस वार्ता की थी, जिसमें उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों में की जा रही ‘वोट चोरी’ के बारे में बताया था। इनमें हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक का उदाहरण दिया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज वोट चोरी, SIR और परिसीमन को हथियार बनाकर लोकतंत्र को कब्जे में लिया जा रहा है। ये तीन तरफ़ा हमला है। खेड़ा ने कहा कि जब 2024 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी को झटका लगा, तब चुनावी सिस्टम को ध्वस्त करने की साजिश रची गई।

उन्होंने कहा कि हम पर कई बार सवाल उठाए जाते हैं, लेकिन उसका जवाब यह है कि इन्होंने जहां-जहां कीचड़ फैलाया है, वहां कमल उग गया। ये नरेंद्र मोदी और BJP का पैटर्न है- अगर देश ने इसपर ध्यान नहीं दिया तो ये कीचड़ हर तरफ फैलेगा।

पवन खेड़ा ने बीजेपी और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि देश में ‘वोट चोरी’ का कीचड़ फैलाया जा रहा है। इस कीचड़ को फैलने से रोकना चुनाव आयोग का काम है लेकिन चुनाव आयोग हेट स्पीच और शिकायतों पर संज्ञान लेने के बजाए खुद उस कीचड़ में लोट गया और लोकतंत्र को दागदार बना दिया।

पवन खेड़ा ने कहा कि हम TMC के खिलाफ बंगाल में मजबूती से लड़े, उनके खिलाफ प्रचार किया, लेकिन चुनावी नतीजों के बाद जब धांधली की बात सामने आई तो हमारे नेता राहुल गांधी जी ने नैतिकता के साथ अपना सैद्धांतिक रुख साफ किया।

उन्होंने कहा कि मैं अपने नेता को बधाई देता हूं कि उन्होंने ऐसे दौर में सिद्धांतों की बात की, जब ऐसी राजनीति ख़त्म होने की कगार पर है।की जैसे महाराष्ट्र में टारगेट कर लाखों वोट जोड़े गए थे, वैसे ही पश्चिम बंगाल और असम में टारगेट कर लाखों वोटरों को डिलीट कर दिया गया।

खेड़ा ने कहा कि हम आपके सामने कई राज्यों का उदाहरण देते आए हैं, जो साबित करता है कि वोटर लिस्ट और चुनावी प्रक्रिया नदारद होती जी रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौकीदार ज्ञानेश गुप्ता खुद चोरों को अपने कंधे पर बैठाकर विधानसभा लेकर जा रहे हैं, ये सब आपके सामने हो रहा है।

पश्चिम बंगला के चुनाव परिणाम पर पवन खेड़ा ने कहा कि ये लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है, एक धब्बा है। पवन खेड़ा ने कहा कि जब से नतीजे आए हैं, पश्चिम बंगाल में हिंसा का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन उन्हें रोकने के बदले दिल्ली से उन्हें और भड़काया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में विरोधियों के दफ्तर जलाए जा रहे हैं, लोगों को मारा जा रहा है, दुकानें तोड़ी जा रही हैं, डीजे बजाकर अश्लील गाने बजाए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि BJP पश्चिम बंगाल में जीत की खुशी नहीं मना रही, सरासर गुंडागर्दी कर रही है, लोगों को डरा-धमका रही है। नरेंद्र मोदी को अपने पद के अनुरूप आचरण करना चाहिए और इस हिंसा को रोकना चाहिए।

खेड़ा ने कहा कि BJP कहती है कि उसे मुस्लिम वोटरों की जरूरत नहीं है। BJP ने मुस्लिम वोटरों को ठुकराया और मुस्लिम वोटरों ने BJP को ठुकरा दिया।ऐसे में जब मुसलमानों ने एक सेक्युलर पार्टी को वोट दिया तो BJP को उसमें भी शिकायत होने लगी। मतलब BJP अब वोट को भी रंगों में रंगने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने सवाल किया कि क्या बाबा साहेब का संविधान ऐसी सोच की इजाजत देता है? जहां कांग्रेस पार्टी हमेशा से सभी लोगों को प्रतिनिधित्व देती आई है, वहीं BJP टार्गेटेड तौर पर एक समुदाय के खिलाफ जहर उगलती रही है। सच ये है कि BJP देश के दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, महिलाओं समेत हर वर्ग को कमजोर करना चाहती है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।