देश की राजधानी फिर हुई शर्मसार, मणिपुर संगीतकार की पीट पीट कर हत्या

देश की राजधानी फिर हुई शर्मसार, मणिपुर संगीतकार की पीट पीट कर हत्या

नई दिल्ली: किलोकरी गांव में मणिपुर के एक म्यूजिशियन सी. विक्रम सिंह पीट-पीटकर जान ले ली गई। बताया जा रहा है कि विक्रम ने अपने फ्लैट के बाहर कुछ लड़कों को शराब पीने और हल्ला मचाने से मना किया था, जिसके बाद वहां मौजूद ढाबे के लड़कों और डिलीवरी करने वालों से उनकी बहस हो गई।

गुस्साए लड़कों ने उन पर ताबड़तोड़ घूंसे बरसा दिए, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए, उनका बेटा याइफाबा उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर भागा, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लेते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को भी पकड़ा है।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, विक्रम अपने घर के सामने हो रहे शोर-शराबे और शराब पीने से परेशान थे। उन्होंने जब इसका विरोध किया, तो बात बढ़ गई और उन पर हमला कर दिया गया। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार को इस संबंध में मारपीट की पीसीआर कॉल मिली थी।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियां

सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिन सात लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें भरत कुमार, प्रमोद, रमजान खान, दीपांशु, मोहन विश्वकर्मा, विजय और मन्नू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 19 से 36 साल के बीच है और ये सभी अलग-अलग ढाबों व फूड स्टॉल पर काम करते हैं। मामले की जांच अभी भी जारी है।

निधन का शिकार हुए सी. विक्रम सिंह मणिपुर के वेस्टर्न म्यूजिक क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम थे। वह गिटार बजाते थे और अल्ट्रा वाइर्स, फीनिक्स तथा ईस्टर्न डार्क जैसे कई प्रसिद्ध बैंड के साथ काम कर चुके थे।

मशहूर मणिपुरी गायिका चोंगथम कमला के सबसे बड़े बेटे विक्रम लंबे समय से किलोकरी में रह रहे थे और मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखते थे। उनकी मौत के बाद पूर्वोत्तर के संगठनों ने घटना पर गहरा दुख और कड़ा विरोध जताया है।

दिल्ली युनिवर्सिटी की नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने विक्रम की मौत को बेवजह की हिंसा बताते हुए प्रशासन से बिल्कुल निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों को सख्त इ सख्त सजा देने की मांग की है।

इस वारदात के विरोध में पूर्वोत्तर के कई संगठनों ने मिलकर कैंडल मार्च भी निकाला। फिलहाल पुलिस पकड़े गए सातों आरोपियों और नाबालिग लड़के से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरी घटना की असली वजह सामने आ सके।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B