संसदीय रार: परिसीमन बिल पर खरगे ने पीएम मोदी को पत्र लिख जताई आपत्ति

संसदीय रार: परिसीमन बिल पर खरगे ने पीएम मोदी को पत्र लिख जताई आपत्ति

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर परिसीमन और संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है

नई दिल्ली: संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है, जिसके दौरान केंद्र की मोदी सरकार महिला आरक्षण और लोकसभा की सीटों को बढ़ाने वाले परिसीमन बिल को फिर से पेश कर सकती है।

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संशोधित 131वें संविधान संशोधन विधेयक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है।

खरगे ने अपने पत्र में लिखा कि वे माननीय संसदीय कार्य मंत्री से लगातार यह अनुरोध करते रहे हैं कि केंद्र सरकार परिसीमन आदि के संबंध में अपने प्रस्तावों पर चर्चा के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाए, लेकिन इन अनुरोधों को स्वीकार नहीं किया गया।

उन्होंने याद दिलाया कि इसी वजह से संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026, लोकसभा में 17 अप्रैल को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में स्पष्ट अंतर से विफल रहा था।

खरगे ने आगे लिखा कि वे मीडिया रिपोर्टों में पढ़ रहे हैं कि केंद्र सरकार आगामी मानसून सत्र के दौरान इस विधेयक को फिर से पेश करने का प्रस्ताव कर रही है, इसलिए वे पुनः अनुरोध करते हैं कि सरकार के संशोधित प्रस्तावों पर चर्चा के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए और इसे संसद में पेश किए जाने से पहले विपक्ष को विस्तार से अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।

कांग्रेस ने यह साफ कर दिया है कि वह संसद के मानसून सत्र में परिसीमन विधेयक और कई अन्य संभावित विधेयकों का पुरजोर विरोध करेगी।

इसके अलावा, पार्टी राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी, पेपर लीक, एथनॉल और विदेश नीति के विषयों को लेकर भी सरकार से चर्चा तथा जवाब की मांग करेगी। पार्टी का कहना है कि लोकसभा में सत्तापक्ष को दो-तिहाई बहुमत मिलने की गुंजाइश नहीं है, फिर भी वह विपक्ष की एकजुटता बनाए रखने के लिए विभिन्न दलों के साथ लगातार संपर्क में है।

पार्टी की इस संसदीय रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास ‘10, जनपथ’ पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।

इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B