टेंशन में पार्टियां: कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर 5 दिन में 90 लाख फॉलोअर्स

टेंशन में पार्टियां: कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पर 5 दिन में 90 लाख फॉलोअर्स

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर कब क्या वायरल हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। इन दिनों इंटरनेट पर एक ऐसा ही अनोखा नाम तेजी से ट्रेंड कर रहा है, जिसने कुछ ही दिनों में एक्स (X) पर हजारों और इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स बटोर लिए हैं।

यह नाम है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP), जो हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है। इस अनोखे अकाउंट को अभिजीत दीपके नाम के एक शख्स ने सोशल मीडिया पर शुरू किया है।

इस पार्टी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंस्टाग्राम पर महज पांच दिन के भीतर इसके 90 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए, जबकि एक्स पर एक लाख से ज्यादा लोग इससे जुड़ चुके हैं। इतना ही नहीं, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम से एक वेबसाइट भी बनाई गई है, जिसके होमपेज पर साफ लिखा है कि यह आलसी और बेरोजगार लोगों की आवाज है।

दरअसल, इस मजेदार पार्टी की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर एक बयान वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद अभिजीत दीपके ने 16 मई को इस व्यंग्यात्मक (सैटायरिकल) पार्टी की नींव रख दी।

देखते ही देखते यह पार्टी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और खासकर जेन जी (Gen Z) के बीच एक बड़ा इंटरनेट ट्रेंड बन गई। इंस्टाग्राम रील्स और मीम्स के जरिए लोग मजाकिया अंदाज में खुद को इस पार्टी का लीडर बताने में जुटे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि कॉकरोच जनता पार्टी का एक बाकायदा मेनिफेस्टो (घोषणापत्र) भी तैयार किया गया है। पार्टी खुद को सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक और लेजी (आलसी) बताती है।

इसके घोषणापत्र में कुछ गंभीर और कुछ मजेदार वादे शामिल हैं, जैसे—रिटायरमेंट के बाद चीफ जस्टिस को राज्यसभा सीट न देना, संसद में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देना और पार्टी बदलने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने की रोक लगाना।

इस वायरल ट्रेंड के पीछे दिमाग लगाने वाले अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के रहने वाले हैं और पेशे से एक पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रेटेजिस्ट हैं। उन्होंने पुणे से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन करने के बाद अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री ली है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिजीत साल 2020 से 2022 के बीच आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के साथ काम कर चुके हैं और दिल्ली के शिक्षा विभाग में कम्युनिकेशंस एडवाइजर के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।