TMC के समर्थन में रैली: केजरीवाल ने पीएम मोदी को बताया झूठा
कोलकाता। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के समर्थन में अपनी पहली चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
पार्टी में हुई हालिया टूट के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक संबोधन था, जिसमें उन्होंने मौजूदा चुनाव को देश और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई करार दिया।
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल में भारी संख्या में केंद्रीय बल तैनात कर दिए हैं, जैसे यहाँ आतंकवादी रहते हों, जबकि यहाँ के लोग भी भारतीय हैं।
उन्होंने इसे बंगाली संस्कृति और अस्मिता पर हमला बताते हुए जनता से इसका कड़ा जवाब देने की अपील की और याद दिलाया कि आजादी की लड़ाई में इस धरती के लोगों ने सबसे बड़ी कुर्बानियां दी हैं।
केजरीवाल ने एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि एक गहरी साजिश के तहत वोटर लिस्ट से 27 लाख नाम काट दिए गए हैं, जो कई देशों की कुल जनसंख्या से भी ज्यादा है।
उन्होंने जनता को आगाह किया कि वोट का अधिकार छीनने का मतलब देश की नागरिकता के अधिकार पर चोट करना है। उन्होंने उन लोगों से, जिनके नाम लिस्ट से काटे गए हैं, अपील की कि वे घर-घर जाकर ‘दीदी’ के लिए समर्थन जुटाएं।
इसे भी पढ़ें: सुप्रिया सुले की मांग: सरकार पहले लिखित में दे 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव
केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि देश के अन्य हिस्सों से बाहरी लोग आकर बंगाल में फर्जी वोट बनवा रहे हैं।
अपने संबोधन के दौरान केजरीवाल ने भावुक होते हुए कहा कि जब आजादी बचाने का इतिहास लिखा जाएगा, तो उसमें दर्ज होगा कि इस संघर्ष की घड़ी में केजरीवाल भी बंगाल आया था।
उन्होंने ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए कहा कि पूरी ताकतें मिलकर एक महिला के पीछे पड़ी हैं, लेकिन उनके साथ ‘काली माई’ का आशीर्वाद है और जीत उन्हीं की होगी।
दिल्ली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन पर फर्जी केस लगाकर जेल भेजा गया ताकि दिल्ली पर कब्जा किया जा सके और वहाँ की मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं बंद की जा सकें, लेकिन अब अदालत ने भी उन आरोपों को फर्जी बता दिया है। उन्होंने अंत में स्पष्ट किया कि वे और उनकी पूरी पार्टी मजबूती के साथ ममता बनर्जी के साथ खड़े हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
