रामपुर: जौहर यूनिवर्सिटी को नोटिस पर भड़के अखिलेश, आरएसएस के भवनों पर कार्रवाई की मांग

रामपुर: जौहर यूनिवर्सिटी को नोटिस पर भड़के अखिलेश, आरएसएस के भवनों पर कार्रवाई की मांग

रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी के भीतर बुलडोजर कार्रवाई के आदेश पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के रामपुर में स्थित जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई के नोटिस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और बिना नाम लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी तंज कसा है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी को शिक्षा में भी सांप्रदायिकता नजर आती है, जबकि शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा के बाद मिलने वाली नौकरी भाजपा के एजेंडे में शामिल ही नहीं है।

कन्नौज के सांसद अखिलेश यादव ने सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि बीजेपी अपने अनरजिस्टर्ड संगी-साथियों के अवैधानिक भवनों को कब ढहाएगी, क्योंकि जब संगी-साथी ही अपंजीकृत हैं तो उनके भवन, कार्यालय और संस्थान कैसे जायज हो सकते हैं। सपा प्रमुख ने सरकार के इस कदम की कड़े शब्दों में निंदा की है।

इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भी सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर सवाल उठाया कि भाजपा सरकार को यह बताना चाहिए कि लखनऊ विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और लखनऊ के केजीएमयू (KGMU) समेत उत्तर प्रदेश के किस विश्वविद्यालय का नक्शा पास है।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि चूंकि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए सपा नेता आजम खान का नाम जुड़ते ही सरकार को सारे नियम-कानून याद आ जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि अन्याय करने वाली यह सरकार अब जाने वाली है और सच्चे दिन आने वाले हैं, इसलिए अखिलेश यादव के आगमन के लिए राजतिलक की तैयारी की जानी चाहिए।

गौरतलब है कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने जौहर यूनिवर्सिटी के कई निर्माण कार्यों को अवैध बताते हुए उन्हें ध्वस्त करने का नोटिस जारी किया है।

प्रशासन ने इस संदर्भ में विश्वविद्यालय प्रबंधन को अपना पक्ष रखने या उचित कदम उठाने के लिए 15 दिन का समय दिया है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की पत्नी डॉ. तजीन फातिमा ने भी इस नोटिस की पुष्टि करते हुए कहा है कि उन्हें प्रशासन की ओर से 15 दिनों की मोहलत दी गई है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं