पंजाब चुनाव की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले लड़ेगी भाजपा

पंजाब चुनाव की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले लड़ेगी भाजपा

चंडीगढ़: भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी, पार्टी के पंजाब प्रभारी सतीश पुनिया ने साफ किया है कि भाजपा किसी अन्य दल से गठबंधन नहीं करेगी, और उनका कहना है कि पार्टी का एकमात्र लक्ष्य चुनाव जीतना है। भाजपा अपनी खुद की ताकत, नीतियों और कार्यकर्ताओं के भरोसे मैदान में उतरेगी और जीत हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सतीश पुनिया ने पंजाब के हालात पर कहा

पूनिया ने पंजाब के हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि यह प्रदेश कभी देश का गौरव हुआ करता था और अपनी युवा शक्ति, खिलाड़ियों, परंपराओं, शांति, समृद्धि व हरियाली के लिए जाना जाता था। हालांकि, नशे की समस्या ने पंजाब को गंभीर नुकसान पहुंचाया है, जिससे अर्थव्यवस्था, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर बुरा प्रभाव पड़ा है।

उन्होंने युवाओं और सिविल सोसायटी से इस गंभीर समस्या के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। पंजाब को उसकी पुरानी पहचान और गौरव लौटाने के लिए नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी।

दूसरी ओर, गठबंधन की चर्चाओं के बीच भाजपा हाईकमान ने प्रदेश इकाई के नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक कोई आधिकारिक फैसला सार्वजनिक नहीं होता, तब तक कोई भी नेता अपनी ओर से बयानबाजी न करे। नेताओं से कहा गया है कि वे मीडिया के सवालों पर पार्टी के आधिकारिक रुख पर ही कायम रहें।

भाजपा का राष्ट्रिय नेतृत्व भी पंजाब की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के पक्ष में है। हाल ही में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की दिल्ली में भाजपा के बड़े नेताओं से मुलाकात की खबरें आई थीं।

इसके बाद, भाजपा ने पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को दिल्ली बुलाया, और उन्हें मीडिया के सामने पार्टी की इस तय रणनीति के खिलाफ कोई भी बयान न देने की सख्त हिदायत दी। पार्टी आलाकमान ने साफ कर दिया है कि गठबंधन पर कोई भी अंतिम फैसला होने तक सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारियां पूरी ताकत से जारी रहेंगी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B