बांकीपुर में आज नामांकन का अंतिम दिन
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन आज भाजपा के नीरज सिन्हा और जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर अपने पर्चे दाखिल करेंगे
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है, जिसमें भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
अंतिम दिन अन्य उम्मीदवारों द्वारा भी पर्चा भरे जाने और अधिक भीड़ होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं।
समाहरणालय स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय के दूसरे तल पर भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) के न्यायालय कक्ष में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी।
इसके बाद मंगलवार को सभी आवेदनों की जांच की जाएगी और उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे, जिसके बाद इसी दिन चुनाव चिह्न का भी आवंटन कर दिया जाएगा। इस उपचुनाव के लिए पटना सदर के भूमि सुधार उपसमाहर्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।
जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने नामांकन स्थल पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की है। सुरक्षा नियमों के मुताबिक, प्रत्याशी अधिकतम तीन वाहनों के साथ ही समाहरणालय परिसर में प्रवेश कर सकेंगे और नामांकन कक्ष में उम्मीदवार के साथ केवल पांच लोगों को जाने की अनुमति होगी।
इसे भी पढ़ें: Live: पश्चिम बंगाल में उत्तर कूचबिहार सीट पर भाजपा आगे
नामांकन स्थल पर लाइसेंसी हथियार ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी और प्रत्याशियों के अंगरक्षक भी नामांकन कक्ष से 100 मीटर की दूरी पर रहेंगे, जबकि इस पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।
इसके अलावा गांधी मैदान थाना पुलिस वारंटियों की सूची के साथ मौजूद रहेगी ताकि किसी भी वांछित अपराधी को नामांकन कक्ष में प्रवेश न करने दिया जाए। इस पूरी व्यवस्था के लिए नगर डीएसपी शिवानंद सिंह को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने नामांकन से पहले रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सीपी ठाकुर, पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल से मुलाकात कर जीत का आशीर्वाद लिया।
गौरतलब है कि भाजपा ने इस सीट से पहले अभिषेक कुमार सिन्हा ”बंटी” को उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने नौ जुलाई को नामांकन भी कर दिया था।
हालांकि, अगले ही दिन उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का पत्र प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को सौंप दिया, जिसके बाद भाजपा ने आनन-फानन में नीरज सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित किया।
दूसरी तरफ, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर सोमवार को अपने समर्थकों के साथ बुद्ध मार्ग स्थित स्काउट एंड गाइड मैदान से नामांकन के लिए रवाना होंगे।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
