खरगे के बयान पर संग्राम; भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस की सफाई

खरगे के बयान पर संग्राम; भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस की सफाई

नई दिल्ली: पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के कार्यक्रम में खरगे ने भाषण के दौरान कहा था, ‘मोदी के बाप भी चले जाएंगे।’

भाजपा ने इसे पीएम के पिता का घोर अपमान बताते हुए खरगे से बिना शर्त माफी की मांग की है और इसके विरोध में आज पूरे देश में पार्टी कार्यालयों के बाहर बड़े प्रदर्शन का एलान किया है। दूसरी तरफ, कांग्रेस का कहना है कि इस बयान को पूरे संदर्भ के साथ समझा जाना चाहिए।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों के नाम पर किसी के परिवार और दिवंगत परिजनों को निशाना बनाना गलत है।

पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं और अब उनके बयान का बचाव भी किया जा रहा है। भाजपा ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या राजनीतिक विरोध के लिए इस तरह की भाषा को सही ठहराया जा सकता है।

रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस को घेरा

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक और घटिया बयान बताया।

रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार चुनाव हारने की वजह से संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसे बड़े दल के अध्यक्ष से इस तरह की भाषा की बिल्कुल उम्मीद नहीं की जाती।

दूसरी तरफ, कांग्रेस ने खरगे के बयान का बचाव किया है। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि खरगे को कई सार्वजनिक मंचों पर अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा है।

उन्होंने याद दिलाया कि उत्तराखंड के एक कार्यक्रम में खरगे के भाषण से पहले ‘शुद्धिकरण’ किया गया था, और बिहार के एक कार्यक्रम में भाजपा समर्थक ने कहा था कि ‘खरगे के पिता भी आ जाएं, तब भी मोदी नहीं हारेंगे।’ खेड़ा के अनुसार, खरगे ने इसी टिप्पणी का जवाब दिया था। उन्होंने साफ किया कि खरगे का निशाना सिर्फ पीएम मोदी पर नहीं, बल्कि उनकी विचारधारा और आरएसएस (RSS) पर था।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।