बिना चुनाव लड़े ही बनेंगे सीएम? अखिलेश बोले ‘सीधे आकर लूंगा मुख्यमंत्री पद की शपथ’
नई दिल्ली: अखिलेश यादव ने वाराणसी से विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर एक दिलचस्प बयान दिया है। जब उनसे काशी की किसी सीट से चुनाव लड़ने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में मीडिया से कहा कि वह बिना चुनाव लड़े भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि 2012 में जब वह पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे, तब वह कन्नौज से सांसद थे और विधानसभा के सदस्य नहीं थे। सीएम की शपथ लेने के बाद उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दिया था, इसलिए इस बार भी वे सीधे लोकसभा से आकर ही शपथ ले लेंगे।
बनारस मुस्कुराएगा और चलेगी मेट्रो
बनारस दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन एसपी उम्मीदवार को एमएलसी चुनाव हरवाना चाहता था, लेकिन बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से उन्हें जीत मिली।
उन्होंने मणिकर्णिका घाट की विरासत मिटाने और दालमंडी में दुकानदारों को उजाड़े जाने का मुद्दा उठाते हुए इसे आगामी विधानसभा चुनाव का मुख्य एजेंडा बताया और दावा किया कि बीजेपी 2027 में अपने 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही है।
इसे भी पढ़ें: CJP आंदोलन को मिला अरविंद केजरीवाल का साथ: ‘आप’ कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील, 16 जुलाई को खुद जाएंगे जंतर-मंतर
पीएम मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिन्हें मां गंगा ने बुलाया था, उन्होंने ही मां गंगा को भुला दिया। इसके साथ ही बीजेपी को असली अराजक बताते हुए अखिलेश यादव ने बांदा में नवजात बच्चे के साथ हुई दर्दनाक घटना और बरेली का जिक्र कर राज्य की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए तथा केंद्रीय मंत्री के शाहजहांपुर न जाने को लेकर भी निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के जाते ही बनारस मुस्कुराएगा और वहाँ सपा सरकार मेट्रो बनवाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर भाजपा को घेरते हुए उन्हें ‘नकली सनातनी’ कहा। अखिलेश ने मांग की कि जनता की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रमों पर तुरंत रोक लगनी चाहिए।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
