बंगाल उपचुनावों के लिए बीजेपी की नई टीम तैयार: 263 दिग्गजों को मिली जिलों की कमान

बंगाल उपचुनावों के लिए बीजेपी की नई टीम तैयार: 263 दिग्गजों को मिली जिलों की कमान

पश्चिम बंगाल: आगामी विधानसभा उपचुनावों और निकाय चुनावों से पहले बीजेपी ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है, राज्य अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने काफी समय बाद 263 नेताओं की एक नई लिस्ट जारी की है। इसमें पार्टी के सभी बड़े नेताओं, सांसदों और मंत्रियों को सीधे जिलों में जाकर काम करने की जिम्मेदारी दी गई ताकि पार्टी को और मजबूत किया जा सके।

नंदीग्राम और रेजीनगर में उपचुनाव की घोषणा

हाल ही में राज्य की दो विधानसभा सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर में उपचुनाव की घोषणा हुई है, जिनकी नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा दुर्गा पूजा के बाद कोलकाता और हावड़ा समेत राज्य के कई प्रमुख नगर निगमों व निकायों में चुनाव होने प्रस्तावित हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली नंदीग्राम सीट तमलुक जिले में आती है, इसलिए वहां की जिम्मेदारी पार्टी के शीर्ष नेता और विधायक शुभेंदु अधिकारी को दी गई है। वहीं, उनके पिता और वरिष्ठ नेता शिशिर अधिकारी को कांथी (कोंटाई) जिले का जिम्मा सौंपा गया है।

पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया है। प्रमुख नेताओं को आवंटित जिलों में सुकांत मजूमदार को दक्षिण दिनाजपुर, शांतनु ठाकुर को बनगांव, निशीथ प्रमाणिक को कूचबिहार, तापस रॉय को उत्तर कोलकाता, अभिजीत दास को डायमंड हार्बर, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को बीरभूम और शंकर घोष को सिलीगुड़ी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा राजकमल पाठक और श्यामचांद घोष जैसे अनुभवी नेताओं को भी टीम में शामिल किया गया है।

समिक भट्टाचार्य के अध्यक्ष बनने के बाद से ही लोग इस नई टीम के एलान का इंतजार कर रहे थे। अब होने वाले उपचुनावों को देखते हुए बीजेपी ने यह बड़ा बदलाव किया है, जिसमें खाली हुई नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों को हर हाल में जीतने पर पूरा जोर है।

263 नेताओं की इस बड़ी टीम को मैदान में उतारने का मकसद सिर्फ उपचुनाव जीतना नहीं, बल्कि आने वाले निकाय चुनावों के लिए भी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B