नॉर्वे की पत्रकार का वीजा रद्द होने पर भड़का विपक्ष और एडिटर्स गिल्ड, केंद्र से मांगा जवाब
नई दिल्ली: मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओस्लो यात्रा के दौरान सुर्खियों में रही नॉर्वे की स्वतंत्र पत्रकार हेले लिंग ने दावा किया है कि 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के ‘भारत समिट’ में बतौर वक्ता शामिल होने के लिए मिला उनका भारतीय वीजा ऐन वक्त पर रद्द कर दिया गया।
हेले ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल पूछते हुए कहा कि नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास से मंजूरी मिलने के बावजूद एयरपोर्ट निकलने से ठीक पहले उनका वीजा क्यों निरस्त किया गया, और साथ ही उन्होंने भारत आने की अनुमति मिलने की उम्मीद भी जताई। हालांकि उनके इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इस मामले पर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है।
वहीं, एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष संजय कपूर और महासचिव राघवन श्रीनिवासन ने एक संयुक्त बयान जारी कर इस कार्रवाई पर गहरी चिंता व्यक्त की और इसे प्रशासनिक मनमानी तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार के विरुद्ध बताते हुए वीजा रद्द करने का कारण सार्वजनिक करने व फैसला वापस लेने की मांग की। इसके अतिरिक्त, तृणमूल कांग्रेस की नेता सागरिका घोष ने भी इस कदम को निंदनीय बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार खुले सवालों को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।
इसे भी पढ़ें: Live: CJP के प्रदर्शन के दौरान 6 लोग हिरासत में, दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन
मई में ओस्लो यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टॉर ने द्विपक्षीय बातचीत के बाद मीडिया के सामने अपने बयान जारी किए थे। हालांकि, पत्रकारों को पहले ही सूचित कर दिया गया था कि दोनों नेता इस संयुक्त कार्यक्रम में कोई सवाल नहीं लेंगे, फिर भी हेले ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल पूछने का प्रयास किया था और इस दौरान मोदी उनके सवालों से बचते हुए दिखाई दिए थे।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
