दिल्ली लाए गए सपा नेता आजम खान, बोले- शिक्षा का मंदिर बनाने की चुका रहा हूं कीमत
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से दिल्ली लेकर पहुंची, जहां डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें ईडी मुख्यालय ले जाया गया।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए आजम खान ने भावुक अंदाज में कहा कि बच्चों को शिक्षित करने के लिए एक यूनिवर्सिटी और स्कूल बनाना ही उनका ‘गुनाह’ बन गया है, और एक मुसलमान द्वारा शिक्षा का मंदिर बनाना ही उनकी गलती थी।
अखिलेश यादव ने जताई आजम खान की सुरक्षा और सेहत की चिंता
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी नेता आजम खान की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि उन्हें आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाने की सूचना मिली है, जिसके मद्देनजर उन्होंने प्रशासन से उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें: लड़कियों की पढ़ाई से ज़्यादा शादी क्यों बन जाती है पहली चिंता
इससे पहले, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने डासना जेल में आजम खान से मुलाकात की थी, जिसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि जेल अधिकारी खान को परेशान कर रहे हैं और उनकी जान लेने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, शिवपाल सिंह यादव ने यह दावा भी किया कि आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे फर्जी हैं और उन्होंने उम्मीद जताई कि उन्हें अदालत से न्याय मिलेगा।
10 बार विधायक चार बार मंत्री और दो बार सांसद रह चुके आज़म खान के मामले में जेल प्रोटोकॉल के उल्लंघन और उनकी जान को खतरा होने का आरोप लगाया गया है, हालांकि इसके बावजूद उनके मजबूती से खड़े रहने की बात कही गई है। इससे पहले 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड मामले में जमानत पर जेल से रिहा होते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन व ठेकों के कथित दुरुपयोग के आरोप में हिरासत में ले लिया था।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
