डासना जेल में आज़म खान से मिले शिवपाल, मुलाकात के बाद कही ये बात
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव गुरुवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खां से मिलने के लिए गाजियाबाद जिला जेल पहुंचे। इससे पहले गाजियाबाद के वेदांता टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में मौजूद सपा कार्यकर्ताओ ने उनका जोरदार स्वागत किया, जिसके बाद उनका काफिला जेल की और बढ़ गया।
समाजवादी पार्टी के नेता और विधायक शिवपाल यादव ने जेल में बंद सपा नेता आजम खां से मुलाकात करने के बाद प्रशासन और भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने इस मुलाकात की पुष्टि की, हालांकि सुरक्षा कारणों से मीडिया कर्मियों को जेल के पहले गेट के बाहर ही रोक दिया गया था।
जेल नियमों के उल्लंघन और झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप
मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने कहा कि चार बार मंत्री और दो बार सांसद रहने के बावजूद आजम खां के साथ जेल के बुनियादी नियमों और प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जा रहा है और जाली लगाकर मुलाकात कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां और उनके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाकर लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है, जबकि उनका एकमात्र ‘दोष’ गरीब बच्चों के लिए यूनिवर्सिटी बनाना है।
शिवपाल ने न्यायपालिका पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि अब केवल कोर्ट से ही न्याय की उम्मीद है। राजनीतिक समीकरणों पर बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का हर वर्ग भाजपा के खिलाफ है और 2027 में कांग्रेस के साथ गठबंधन में सपा की ही सरकार बनेगी, जिसके बाद जेल में जाली लगाकर मुलाकात कराने की प्रथा को खत्म कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: “अब चुप नहीं बैठेगा देश”, राहुल गांधी का आह्वान, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली
इसके अलावा, उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन को भाजपा को फायदा पहुंचाने वाला बताया और अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर कहा कि भगवान सबके हैं और सबको मंदिर जाने का अधिकार है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 30 अक्टूबर को अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड मामले में जमानत मिलने पर जब आजम खां रामपुर जेल से बाहर आए थे, तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उन्हें जेल के गेट से ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को रिहाई मिल गई थी।
रामपुर के पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसोदिया ने जानकारी दी कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पूछताछ के लिए आजम खां को लेकर गाजियाबाद गई थी, जहां अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इससे पहले दो पैन कार्ड मामले में निचली अदालत से सात-सात साल की सजा सुनाए जाने के बाद 17 नवंबर 2025 को आज़म खां और अब्दुला आज़म को जेल भेजा गया था, हालाँकि 29 अक्टूबर को उन्हें हाईकोर्ट से इस केस में जमानत मिल गया थी।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
