यूपी में ओवैसी और चंद्रशेखर ने बनाया ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’, आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा
उत्तराखंड: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा कदम उठाते हुए सांसद चंद्रशेखर आज़ाद और असदुद्दीन ओवैसी ने आपसी गठबंधन की घोषणा कर दी है जिसे सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया गया है। इस नए गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुना गया है।
पत्रकारों से बात करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इसमें दो पार्टियां शामिल हैं और यह कोई तीसरा नहीं बल्कि सबसे मजबूत पहला मोर्चा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे समाज के कमजोर और पीड़ित वर्ग के लोग इससे जुड़ते जाएंगे, यह गठबंधन और भी शक्तिशाली होता जाएगा।
बहुजन समाज के साथ झूठे वादे और बेरोजगारी पर हमला
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीतियों का ऐलान किया। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि विभिन्न पार्टियों और सरकारों ने लंबे समय से बहुजन समाज से केवल झूठे वादे किए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनके लिए कुछ नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में शिक्षित युवा बेरोजगार हैं और हक की आवाज उठाने वालों पर लाठियां चलाई जाती हैं, मुकदमे दर्ज किए जाते हैं तथा नए कानूनों के जरिए उन्हें सरकारी नौकरी से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। खुद पर एनएसए लगाए जाने और हाथरस, प्रयागराज, गोरखपुर, कासगंज, संतकबीरनगर व काकोरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब बहुजन, पीड़ित और वंचित समाज अपमान सहने के बजाय खुद ताकतवर बनेगा।
इसे भी पढ़ें: एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की बढ़ीं मुश्किलें: ग्वालियर कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी ने इस गठबंधन को भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने वाला एक मजबूत विकल्प बताते हुए घोषणा की कि चंद्रशेखर आजाद ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। ओवैसी ने स्पष्ट किया कि उनकी यह राजनीति भविष्य और प्रदेश में सामाजिक बदलाव लाने के लिए है, जिसमें वे बेरोजगारों और किसानों के मुद्दों पर मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यह नया गठबंधन राज्य में एक मजबूत विकल्प बनेगा। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत अल्पसंख्यक वोट मिलने के बावजूद वह भाजपा को हरा नहीं पा रही है और न ही आगे हरा पाएगी। ओवैसी ने कहा कि अब चंद्रशेखर आजाद का चेहरा सामने आया है, जिन्हें अपनी बराबरी पर खड़ा देख विरोधी दलों को तकलीफ होना तय है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
