ओवैसी और चंद्रशेखर के साथ आने से बढ़ेगी सपा-बसपा की मुश्किलें, जानें किसे लगेगा झटका
नई दिल्ली: असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आज़ाद की पार्टियों के एक साथ आने से पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बन सकते है। अब तक यहां भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा था। लेकिन इस नए गठबंधन ने तीसरा मोर्चा खोलकर चुनावी लड़ाई को तीन तरफा बनाने की मजबूत कोशिश की है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नए समीकरण की चर्चा के बीच असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (आसपा) राज्य की 403 में से करीब 150 सीटों पर नजर रख रही हैं, जिनमें लगभग 70 सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हैं। दोनों दल दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाकर प्रदेश में एक नया राजनीतिक विकल्प पेश करने की कोशिश में हैं।
सपा, बसपा और कांग्रेस के वोट बैंक पर असर
जहां एआईएमआईएम मुस्लिम बहुल इलाकों में अपने उम्मीदवार उतारकर समाजवादी पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक को प्रभावित कर सकती है, वहीं आसपा, बसपा के जाटव और अन्य दलित वोटों में सेंध लगाने का प्रयास करेगी, जिसका असर कांग्रेस और सपा के पीडीए समीकरण पर भी पड़ सकता है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, विपक्षी वोटों के बिखराव से कुछ सीटों पर भाजपा को लाभ मिल सकता है।
हालांकि अंतिम परिणाम स्थानीय समीकरणों और उम्मीदवारों की मजबूती पर निर्भर करेगा। इस गठबंधन के जरिए करीब 40 फीसदी आबादी को साधने की कोशिश को लेकर सियासी गलियारों में अलग-अलग राय है—एक वर्ग मानता है कि यह सपा-बसपा का गणित बिगाड़ेगा, जबकि दूसरे वर्ग का मानना है कि उनके वोट बैंक पर इसका खास असर नहीं होगा।
इसे भी पढ़ें: ईरान युद्ध के बीच ट्रंप की सुरक्षा पर चिंता: ‘आप सबसे खतरनाक फ्लाइट में सवार हैं’
इसी रणनीति के तहत ओवैसी मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और संभल समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सक्रियता बढ़ा रहे हैं और 14 नवंबर को मेरठ में एक जनसभा भी करने जा रहे हैं। एआईएमआईएम प्रवक्ता शादाब चौहान ने इसे ‘दिलों का गठबंधन’ बताते हुए पश्चिमी यूपी की सियासत में बड़े बदलाव का दावा किया है, वहीं आसपा नेता संजय हरित के मुताबिक दलित-मुस्लिम एकजुटता का सीधा असर विधानसभा चुनाव के नतीजों में दिखाई देगा।
आसपा की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य संजय हरित ने कहा कि इस गठबंधन से दलित और मुस्लिम मतदाता एक साथ आएंगे, जिसका सीधा असर विधानसभा चुनाव के परिणामों पर दिखेगा और विरोधी पार्टियों को हार का सामना करना पड़ेगा।
वहीं, एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान का मानना है कि यह मेल पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव लाएगा। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक दलों का नहीं बल्कि दिलों का जुड़ाव बताते हुए कहा कि आसपा के साथ मिलकर उनकी पार्टी और अधिक सशक्त होगी।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
