अखिलेश का दावा: नोटबंदी बनेगी भाजपा की ‘वोटबंदी’, यूपी में अब 95 बनाम 5 की सीधी टक्कर
नई दिल्ली: लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी का फैसला अब आने वाले उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा के लिए ‘वोटबंदी’ साबित होगा और राज्य में 95 बनाम 5 प्रतिशत के मुकाबले में सत्ताधारी दल का नामोनिशान मिट जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का एक भी वादा पूरा नहीं हुआ, बाजार में नकदी का चलन बढ़कर करीब 70 प्रतिशत हो गया है और इस कदम से बंद हुए अनगिनत उद्योग आज तक अपने नुकसान से उबर नहीं पाए हैं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए नोटबंदी, बैंकिंग व्यवस्था, मतदाता सूची और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था को गहरी चोट पहुंचाई है जिसका खामियाजा आम लोगों और कारोबारियों को भुगतना पड़ा है।
बैंकिंग व्यवस्था और पेनल्टी पर निशाना
बैंकों में पेनल्टी के नाम पर पैसे काटे जाने को लेकर उन्होंने व्यवस्था को ‘आपका खाता और आपको ही घाटा’ करार दिया और बीजेपी पर बैंकिंग प्रणाली को सूदखोरों से भी खतरनाक बनाने का आरोप लगाया। नोटबंदी के दौरान बैंक की कतार में जन्मे बच्चे ‘खजांची’ का जिक्र करते हुए अखिलेश ने तंज कसा कि वह आज दस साल का हो गया है।
जिसकी पढ़ाई-लिखाई और देखभाल समाजवादी परिवार कर रहा है, जबकि बीजेपी ने आज तक उसका जन्मदिन तक नहीं मनाया। उन्होंने कटाक्ष किया कि खजांची अक्सर पूछता है कि उसके साथ जन्मे दो हजार रुपये के नोट वाले मित्र को क्यों दूर कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी के काफिले का एक्सीडेंट: एक्सप्रेसवे पर आपस में भिड़े वाहन, बाल-बाल बचे कांग्रेस नेता
मतदाता सूची और चुनावी सुधार पर सुझाव
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ बीजेपी नेता भविष्य के सपने दिखा रहे हैं, वहीं ऐसे फैसलों ने देश की अर्थव्यवस्था को पीछे धकेल दिया है। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण में करीब 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की आशंका पर उन्होंने तंज कसा कि एक तरफ अखबारों में गांजे की बरामदगी की खबरें हैं।
दूसरी तरफ इतने ही वोट कटने की बात सामने आ रही है, जो एक अजीब तालमेल है। उन्होंने पारदर्शिता के लिए मतदाताओं को मेटल कार्ड देने, सूची को आधार से जोड़ने और मतदान के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन लागू करने का सुझाव दिया।
डिजिटल इंडिया और पेटीएम का प्रचार करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि वे आज डिजिटल व्यवस्था और बैंकिंग सुधारों पर जवाब देने से बच रहे हैं। इसके साथ ही, यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, हाथरस के बाद भी महिलाओं के खिलाफ अपराध थमे नहीं हैं और बीजेपी सरकार ने सपा कार्यकाल के बेहतरीन पुलिस रिस्पांस सिस्टम को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता का पुलिस प्रशासन से विश्वास खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि अदालतों ने भी पुलिस के रवैये पर कई बार टिप्पणी की है और सपा नेताओं पर फर्जी मामले दर्ज हो रहे हैं। यादव ने दावा किया कि राज्य के मतदाता सपा के साथ हैं, जिससे आगामी चुनाव में भाजपा की भारी हार तय है और प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
