नहीं होगी 2017 जैसी गलती, अखिलेश-राहुल में बनी सहमति
नई दिल्ली(राजा ज़ैद)। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूर्ण सहमति बन गई है, अब सिर्फ सीटों के बंटवारे को लेकर अगले सप्ताह से बातचीत शुरू होगी। ऐसा दावा कांग्रेस सूत्रों ने किया है।
सूत्रों की माने तो अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच चल रही बातचीत में एक बात साफ़ हो गई कि इस चुनाव में 2017 के चुनाव की कोई गलती नहीं दोहराई जाएगी। किसी भी कीमत पर किसी भी सीट पर कोई फ्रेंडली फाइट नहीं होगी। यानि एक सीट पर गठबंधन का एक ही उम्मीदवार होगा। सूत्रों ने कहा कि अखिलेश यादव की इस बात पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी पूर्ण सहमति जताई है।
इस बीच कल अखिलेश यादव ने रायबरेली के अपने दौरे के दौरान साफ़ साफ़ कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रहेगा। हालांकि अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि गठबंधन में सीटों की संख्या नहीं, जीत सबसे अहम होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो सीट जीत सकता हो, उसे ही सीट दी जाएगी। हमने उन्हें 2024 में हराया और 2027 में हम उनकी पक्की हार के लिए काम करेंगे। अखिलेश यादव के बयान से साफ़ है कि कांग्रेस को झोली भर कर सीटें नहीं मिलने वाली।
वहीं सूत्रों ने कहा कि इस बार अखिलेश यादव और राहुल गांधी बीजेपी के खिलाफ निर्णायक चुनाव लड़ने के मूड मे हैं। इसलिए इस गठबंधन में अभी आज़ाद समाज पार्टी और AIMIM को कुछ शर्तो के साथ एंट्री दी जा सकती है।
इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र में जज के इस्तीफे के बाद UCC पर बहस, कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल
सूत्रों ने कहा कि इस तरह की चर्चाएं हैं कि कांग्रेस को 70 सीटें तक दी जा सकती हैं। हालांकि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र गौतम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के बयान इसके विपरीत आ रहे हैं और वे चुनाव में कांग्रेस को बड़े भाई की भूमिका निभाने की बात कर रहे हैं।
हालांकि सूत्रों ने सीटों के बंटवारे को लेकर यह भी तर्क दिया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस द्वारा जीती गई सीटों के अनुपात को ध्यान में रखकर भी सीटों का बंटवारा हो सकता है। अगर यह फार्मूला सही साबित हुआ तो कांग्रेस को 30 से 35 सीटें ही मिल सकती हैं।
फ़िलहाल अभी तक आधिकारिक तौर पर सीटों के बंटवारे को लेकर किसी नेता का कोई बयान नहीं आया है लेकिन माना जा रहा है कि 15 अक्टूबर तक कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर तस्वीर साफ़ हो जाएगी।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
