गुजरात में बोले ओवैसी, “हम ‘B’ टीम नहीं, मजलूमों की ‘M’ टीम हैं”
सूरत। आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है। गुजरात के सूरत जिले के लिम्बायत में आयोजित एक रैली को सम्बोधित करते हुए ओवैसी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।
ओवैसी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1947 के विभाजन के लिए मुसलमानों को जिम्मेदार ठहराना गलत है। उन्होंने मौलाना अबुल कलाम आजाद की किताब ‘इण्डिया विन्स फ्रीडम’ का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने ही विभाजन को स्वीकार किया था, जबकि मौलाना आजाद ने गांधी और नेहरू से भारत को न बांटने की अपील की थी।
विपक्षी दलों (विशेषकर कांग्रेस और TMC) द्वारा AIMIM को भाजपा की ‘B’ टीम कहने पर ओवैसी ने कहा, “बंगाल में हम सिर्फ 11 सीटों पर लड़ रहे हैं और वे 294 पर, फिर भी उन्हें मुझसे डर लगता है। मैं किसी की ‘B’ टीम नहीं हूँ, मैं तो मजलूमों की ‘M’ टीम हूँ।”
लिम्बायत के स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए उन्होंने कहा कि सूरत के मुस्लिम और दलित इलाकों में बुनियादी सुविधाओं (सफाई, अस्पताल और स्कूल) का अभाव है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपनी खुद की राजनीतिक पहचान और नेतृत्व खड़ा करें ताकि नगर निगम में उनकी आवाज सुनी जा सके।
इसे भी पढ़ें: अस्पताल से राजघाट पहुंचे सोनम वांगचुक, कहा- बापू का रास्ता आज भी प्रासंगिक
ओवैसी ने जोर देकर कहा कि AIMIM ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो संविधान के दायरे में रहकर भाजपा की आंखों में आंखें डालकर बात कर सकती है और अल्पसंख्यकों के हक की लड़ाई लड़ सकती है।
उन्होंने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि ये पार्टियां खुद भाजपा को रोकने में नाकाम रही हैं और अब अपनी नाकामी का ठीकरा AIMIM पर फोड़ रही हैं।
गौरतलब है कि गुजरात में 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं के चुनाव के लिए 26 अप्रेल को मतदान होना है। कई सीटों पर मामला त्रिकोणीय होने के कारण रोचक मुकाबले की संभावना है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
